Thursday, August 26, 2010

शायद हम जिन्दा हैं !

रास्ते पर खून ही खून ,गहरा लाल
बह रहा है !
मै एक  कोने में खड़ा हूँ ,
और मैंने अपनी आँखे बंद कर लीं!
अपने आप को समझाया ,ये तुम्हारा नहीं है लोगो का है !
दुबारा आँखे खोलीं ,
लाशें ,मांस के लोथड़े ,हड्डियाँ सब बह रहें हैं ,
कुछ कुत्ते हैं जो बहे जा रहें हैं फिर भी हड्डियों के लिए लड़ रहें हैं !
मैंने दुबारा आँखे बंद कर लीं ,
और अपने आप को समझाया ये तुम नहीं हो ,
तुम तो अभी जिन्दा हो !
चीख़ने, चिल्लाने की आवाजें सुनाई दे रही हैं,
और तेज होती जा रही हैं ,मैंने आँखे बंद कर रखी हैं,
कुछ मेरी तरफ आ रहा है ,मैंने अब भी आँखे नहीं खोलीं ,
कुछ मुझे नोच रहा है ,मैंने आँखे नहीं खोलीं ,
शायद मेरा भी खून बह रहा है ,मैंने आँखे नहीं खोलीं ,
 खून बह रहा है ,
 पर आँखे बंद हैं ,
शायद हम जिन्दा हैं !

Wednesday, August 25, 2010

डंडे के हैं रूप अनेक , इसके आगे मत्था टेक ||

वैसे तो डंडे के कई रूप हैं जो हर आदमी को दिखते हैं  जैसे गाँव के लोग इसे लाठी कहते हैं और बताते हैं कि ये डंडे से बड़ी और मजबूत होती है, शहरी  इसे बेंत कहते हैं  जो थोड़ा देखने में अच्छा और चमकदार होता है मगर मै इसे डंडा  ही कहूँगा |

डंडे के रूप भी बहुत हैं और काम भी | 
यही डंडा जब अध्यापक के हाथ में आता  है तो छड़ी बन जाता है और न जाने कितने बच्चों के भविष्य बना देता है |माँ बाप के हाथ में हो तो भूत ,भविष्य ,वर्तमान सब सुधार देता है ये तो बात हुई सुधारने की |
बुढ़ापे में हर किसी  को  सहारे कि जरूरत पड़ती है, बच्चे सहारा  दे या न दे ,ये डंडा हमेशा तैयार रहता है |
जादू  कि छड़ी के बारे में तो हम सबने सुना है यही डंडा जब पुलिस के हाथ में आ जाता  है तो बन जाता है जादू की छड़ी -
डंडा     पटक , जो   चाहे झटक |
इसी डंडे कि बदौलत आज हर एक देश का  झंडा खड़ा है,
बात  सम्मान कि हो या अपमान कि ये डंडा  हमेशा मौजूद होता है| 

डंडा अनंत ,डंडा कथा अनंता |

इसीलिए कहता हूँ - डंडे के हैं रूप अनेक , इसके आगे मत्था टेक |

















 






Tuesday, August 24, 2010

आम आदमी

( एक आम आदमी सरकारी अस्पताल में घंटों लाइन लगाने के बाद आखिरकार डॉक्टर तक पहुँचता है  )

डॉक्टर : कुछ देर रुको ,मै अभी आता हूँ मेरे घर पर कुछ रिश्तेदार आयें हैं |

आम आदमी : साहब, मै कुछ देर और रुका तो शायद आप को दिखाने  कि जरूरत ही न रहें |

डॉक्टर (गुस्साते हुए ) :फिर तो और अच्छा है ,तुम्हारा भी वक़्त बचेगा और मेरा भी | जल्दी बताओ क्या परेशानी  है तुम्हे ?

आम आदमी : कमजोरी  रहती है ,चक्कर आते हैं  ,बदन दर्द करता है ,दो दिन से पेट भी ख़राब है ,कभी कभी सर में भी दर्द  होता है और |

(बीच में टोकते हुए ) डॉक्टर :  मैंने तुम से बीमारियों के नाम नहीं पूंछे हैं | क्या करते हो तुम  ?

आम आदमी : साहब आम आदमी हूँ  ,आज कल बेरोजगार हूँ  |

डॉक्टर : फिर ठीक है ,संभव है |
            मै कुछ विटामिन्स कि दवाइयां लिख देता हूँ जाके ले लेना और दोबारा मत आना
            जब भी ये परेशानी  हो तो यही दवा  ले लेना तुम जैसे लोग ही यहाँ बार बार आते
            रहते हैं |
आम आदमी : साहब ये दवा  कितने तक मिल जायेगी  |

डॉक्टर : एक खुराक १०० रुपये |

आम आदमी : साहब ,दो दिन से खाना नहीं खाया ,बीवी बीमार थी महीने भर से उसकी दवा चल रही है, एक नौकरी थी वो भी छूट  गयी  मै ये दवा कहाँ से खरीदूंगा |

डॉक्टर : तो अब तुम क्या चाहते हो?  सरकार  मुफ्त इलाज  देती है , मुफ्त दवा देती है अब विटामिन्स की  गोलियां भी बांटे     |

आम आदमी : साहब , सरकार की  बात मत करो ,आप बड़े लोग हैं आपको दिया होगा सरकार ने और आपने सरकार को |
                  हमें तो सरकार ने कुछ दिया है तो भूंख,बेरोजगारी और मंहगाई  |
                  और भाषण जो अब आप दे रहें हैं  |
 अगर आप कुछ दे सकते हैं तो ऐसी दवा दीजिये की  मुझे हफ्तों -  महीनों भूंख न लगे और मै कुछ काम कर सकूं अपने लिए और अपने परिवार के लिए |

डॉक्टर : मै मर्ज का इलाज़ करता हूँ, तुम जा सकते हो |

आम आदमी : हाँ जाता  हूँ ,शुक्र है ,आम आदमी के लिए अभी तक भगवान् तो हैं |

    
    

Sunday, August 22, 2010

नेता की आँखों में आँसूं

चमचा : नेता जी ,यह चमत्कार है या अत्याचार आपकी आँखों में आँसूं ,ऐसी कौन सी वजह है जिस से  आप की  आँखों में आँसूं आ गए  ?
आप बताइए हम भी  आप के साथ  चिल्ला चिल्ला कर  रोयेंगे |

पी .ए. : नेता जी , पंजाब में बाढ़ में आयी आप ने सारा दर्द सीने में दफन कर लिया  और किसी को कानो  कान खबर भी  नहीं होने दी की  आपको कितना कष्ट   है, लेह में बादल फटा आपने अपना दिल पत्थर का बना लिया और सारा झटका सह गए ,पड़ोसी मुल्क में बाढ़ आ गयी आपने वहां भी  अपने साहस  का परिचय दिया ,आप खामोश रहे   पर आज आपकी आँखों में आँसूं क्यों हैं, हमें बताइए ,कौन सी इतनी बड़ी त्रासदी हो  गयी जहाँ का पानी आपकी आँखों तक पहुँच गया | 

नेता जी : अगर मुझे पता होता तो मै जरूर बताता , मुझे तो खुद नहीं पता ये आँसूं  आखिर आये कहाँ से |

 पी .ए . : नेता जी ,धीरे बोलिए अगर मीडिया को पता चल गया तो हंगामा हो जाएगा |

चमचा : नेता जी , आप क्या जवाब देंगे ? आप तो जिम्मेदार नेता हैं हर सवाल का  जवाब  दिया है आपने आज तक | मेरे खयाल से हमें जांच कमेटी बैठा देनी  चाहिए और पता लगाना चाहिए  कि ये आँसूं आये कहाँ से ?

नेता जी : तो फिर बैठा दो जांच कमेटी, पी .ए  . !

पी . ए  . :नेता जी जांच कमेटी तो बैठा दी जाए पर इसका विश्वास    कैसे किया जाए कि फैसला आ ही जाएगा और आ भी गया तो कितने परसेंट सही होगा !

नेता जी : तो फिर क्या किया जाए ?

पी . ए . :  इस शहर  के सबसे अच्छे "आई स्पेस्लिस्ट  "को बुलातें हैं और पता लगाते हैं की आँसूं कहाँ से आये  |
चमचा  : मै अभी बुला के लाता  हूँ , नेता जी |

( कुछ समय बाद )

डॉक्टर : नेता जी ,आँखें खोलिए मै अभी देख कर  बताता हूँ  ,वजह |

पी. ए . : क्या कुछ दिखा ?

डॉक्टर : हाँ |

चमचा : तो बताओ क्या दिख रहा है ?
 |
डॉक्टर : टूटी फूटी  सडकें ,सड़कों में गड्ढे , गड्ढों में पानी और ....|

चमचा : रुको ,रुको यही पानी था नेता जी की आँखों में |

डॉक्टर : चुप ! डॉक्टर मै हूँ या तू है गड्ढों की  गहराई ज्यादा है और पानी कम है  पानी बाहर नहीं आ सकता |

पी. ए .: डॉक्टर साब , आप आगे देखो !

डॉक्टर  : ह्म्म्म ,गड्ढों में पानी है , पानी में तो सोने की  मछलियाँ  हैं |

नेता जी : रुको डॉक्टर ,दूसरा एरिया देखो ,उधर से पानी नहीं आया है,खामखा वक़्त मत बर्बाद करो  |

डॉक्टर : अच्छा  नेता जी ,  टूटे हुए पुल  ,बाँध और........ |

नेता   जी : ये फालतू  की  चीजें मत बताओ कुछ ख़ास दिखे तो बताओ नहीं तो जाओ |

डॉक्टर : जी नेता जी ,देखता हूँ ,मिल गया ,मिल गया |

पी. ए . : बताओ फिर जल्दी बताओ ,क्या वजह हैं आँसूं  की |

डॉक्टर : जनता , जो सड़कों  पर पड़े  रोड़े की  तरह  इधर से उधर भाग रही है ,कभी मंहगाई से लड़ने ,कभी भूख से लड़ने  ,कभी त्रासदी कि वजह से और...|

नेता  जी : पी. ए . ,इसे ले जाओ इसे कुछ नहीं पता |

डॉक्टर : नेता जी पूरी बात  तो  जान  लीजिये ,जनता किन किन  कारणों से  दौड़ -भाग रही है ये आप को पता  है और वही रोड़े की तरह आपकी  आँखों में चुभ रही  हैं और पानी .......|

नेता जी : पी. ए ., इसको ले जाओ यहाँ से और देखना ये दुबारा किसी को देखने लायक न रहें |

पी. ए  . : जी नेता जी |

चमचा : अब आप क्या जवाब देंगे मीडिया में |

नेता जी (हंसते  हुए ): आज तक जितने सवालों का जवाब दिया ,किसी का जवाब मुझे पता था क्या ?

चमचा (हंसते  हुए):जी नेता जी |










Tuesday, August 17, 2010

और फिर मै सोचता हूँ कि यही तो है जीने कि वजह और लग जाता हूँ, भविष्य को पकड़ने में ||

जब भी मै बंद करता हूँ अपनी मन कि आँखे |
दूर बहुत दूर मुझे नज़र आता है कुछ ,
कुछ धुंधला सा, चमकदार,सुनहरा,
 रोशनी से  भरपूर ,उजाला और उजाला ,
फिर सब कुछ गायब हो जाता है ,
और मै उदास हो जाता हूँ |
भूत जो घसीटते  घसीटते  चला गया
पर छोड़ गया कुछ रेखाएं मेरे चेहरे पर |
वर्तमान  जो हँसता है मुझे देख कर ,
कभी कभी मजाक भी उड़ाता है मेरा |
भविष्य जो दिखता है उजाले  से भरपूर,
मुझे अपने पास  बुलाता है ,
कहता  है मुझे पकड़ लो
बैठ जाओ मेरे पास नहीं तो मै
भी हंसूंगा वर्तमान कि तरह
और भूत कि तरह कुछ रेखाएं
छोड़ के चला जाऊँगा
फिर दोबारा नहीं आऊंगा |
और फिर मै सोचता हूँ कि यही तो है
जीने कि वजह  और लग जाता हूँ,
भविष्य को पकड़ने में ||

Sunday, August 15, 2010

मेरी आज़ादी की औकात इतनी ही है

चचा : अरे पप्पू हम आज फिर आजाद हो गए क्या ?
पप्पू : नहीं चचा ,आजाद तो हम १५ अगस्त १९४७ को ही  हो गए थे ,अब ६३  साल हो गए .
चचा : ऐसा क्या ,बेटा पता नहीं चला तो कौन कौन आजाद है आज कल ?
पप्पू : वाह,  कैसे कैसे सवाल पूंछते हो , तुम आजाद हो मैं आजाद हूँ हर कोई आजाद है .
चचा : मैं भी आजाद हूँ क्या ,तो फिर मै जो चाहूं वो कर सकता हूँ क्या ?
पप्पू : हाँ ,हर कोई आजाद  है,लेकिन अपनी अपनी औकात है आज़ादी की  सब के लिए !
चचा : तुम्हारे अब्बा कह रहें थे कि कल शाम को कुछ किसान आन्दोलन कर रहें थे उन पर गोली चला दी गयी और कुछ मर भी गए ,और  तुम कह रहें हो की हर कोई आजाद है  ?
पप्पू : अरे चचा ,तुम नहीं समझोगे कुछ लोग ज्यादा आजाद हैं ,कुछ थोड़े कम हैं
ये विज्ञान  की बात है जब कम आजाद लोग ज्यादा आजाद लोगों के प्रभाव में आ जाते हैं तो कम आजाद वालों की आज़ादी नगण्य हो जाती  है ,
आजाद तो हर कोई है ,
वे  गोली चलाने के लिए आजाद हैं तो हम गोली खाने के लिए आजाद हैं,
वे  मंहगाई बढ़ाने के लिए आजाद हैं तो हम मेहनत करने के लिए आजाद हैं,
वे  जेब  भरने के लिए आज़ाद हैं तो हम खाली करने के लिए  आजाद हैं ,
वे  वादे करने के लिए आज़ाद हैं हम इंतज़ार करने के लिए आज़ाद हैं ,
वे  जनता के लिए कुछ भी करने को आज़ाद हैं तो जनता कुछ भी सहने को आजाद है,
अरे बताया था न चचा ,हर कोई अपनी औकात के हिसाब से आजाद है ,
अरे शुक्र मनाओ चचा कि यहाँ अब अंग्रेज नहीं है ,सारे अपने ही हैं ,
और आज़ादी का मजा लेना है तो अपनी आजादी की औकात बढाओ, कैसे भी ,अच्छे काम करो या बुरे
बस औकात बड़ी हो !
और तुम भी तो आजाद हो चच्ची  पर चिल्लाने के लिए,
आज हर कोई ज़स्न   मना रहा है तुम भी मनाओ ,
जाओ चच्ची  पर खूब चिल्लाओ ,अरे आज हम आजाद हुए थे,
लोगों को पता चलना चाहिए ,
क्यों चचा समझ आया  कुछ ?
चचा (हँसते हुए): हाँ बेटा ,मेरी आज़ादी की औकात इतनी ही है !

Saturday, August 14, 2010

मुल्क कि यूँ आजादी से क्या होता है

बापू  के आदर्शों को हम भूल गए
वीर हमारे जाने कितने फांसी पर हैं झूल गए
अगर आज भी रातों को भूखा  बचपन सोता है
तुम ही बताओ मुल्क कि यूँ आजादी से क्या होता है
शरेआम  यहाँ माँ बहनों का चीरहरण अब होता है
कानून आंख पर पट्टी बांधे गहरी नींद में सोता है
अगर आज भी युवा देश का रोजगार को रोता है
 तुम ही बताओ मुल्क कि यूँ आजादी से क्या होता है